इंफोपोस्ट संवाददाता, पटना। JDU Bihar :
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा मुक्त भारत बनाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 18 वर्षों के कार्यकाल में अतिपिछड़ा समाज की तकदीर और तस्वीर बदलने का काम किया है। अतिपिछड़ा समाज के उत्थान में नीतीश कुमार ने देशभर में नजीर पेश की है। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के सपनों को सच्चे मायनों में धरातल पर उतारने का काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अतिपिछड़ा समाज को नगर निकाय और पंचायती राज में आरक्षण देने का फैसला हिंदुस्तान के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण और युगांतरकारी फैसला था। बाद में अन्य राज्यों ने भी इसको अपनाया।

रविवार को वह सारण जिला के मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को जनता दल (यू0) द्वारा एकदिवसीय कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल कुमार सिंह एवं मंच का संचालन गामा सिंह ने किया।

JDU Bihar : कार्यक्रम में मुख्य रूप से माननीय विधानपार्षद प्रो0 वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधायक हेमनारायण शाह, पूर्व विधानपार्षद सह प्रमंडलीय प्रभारी सतीश कुमार, जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू, किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भोला सिंह, चांदनी सिंह कुशवाहा, कुसुम रानी, राजेश राम त्यागी, सकिला बानो, गुड्डी जायसवाल, विजेंद्र सिंह, रवि प्रकाश, दिनेश कुशवाहा, बालमुकुंद चैहान, कामेश्वर सिंह, प्रकाश सिंह, मुरारी सिंह, सत्येंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी भाषणों में खुद को अतिपिछड़ा का बेटा कहते हैं लेकिन जब बात अतिपिछड़ा को वाजिब हक देने की आती है तो वह अपना कदम पीछे खींच लेते हैं। हाल के दिनों में महिला आरक्षण का बिल पास हुआ लेकिन उसे बिल में अतिपिछड़ा समाज की महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था नहीं की गई। भाजपा बताए कि क्या यही उनका अति पिछड़ा प्रेम है?

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अब तक केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए अतिपिछड़ा समाज को गुमराह करती आई है। हाल में ही मोदी सरकार ने पिछड़ा और अतिपिछड़ा छात्रवृत्ति योजना को बंद करने का निर्णय लिया। साथ ही भाजपा दलितों-पिछड़ों को मिल रहे आरक्षण को भी समाप्त करने को लेकर विचार कर रही है।
आइएनडीआइए बड़ी चुनौती बनकर उभरा
JDU Bihar : प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने भाजपा मुक्त भारत बनाने का बीड़ा उठाया है। नीतीश कुमार के अथक प्रयास से इंडिया गठबंधन भाजपा के लिए आज बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। देश की जनता अब बेरोजगारी, महंगाई, धार्मिक उन्माद, और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है और यह तभी मुमकिन है जब हम बिहार की सभी लोकसभा सीटें इंडिया गठबंधन की झोली में डालेंगे।



