शहीदों के सम्मान के लिए जो काम बिहार सरकार को करना चाहिए वह भाजपा कर रही : सम्राट चौधरी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आलोक नंदन शर्मा, पटना। Meri Maati Mera Desh :
भाजपा की मेरी मिट्टी – मेरा देश कार्यक्रम के तहत गांव गांव से शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के घर के आंगन से ली गई मिट्टी का अमृत कलश रविवार को विशेष ट्रेन से पटना से दिल्ली रवाना किया गया। इसे लेकर बिहार के 1500 युवा दिल्ली गए। इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक रंगारंग राष्ट्रभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहीद परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय से अमृत कलश यात्रा की शुरुआत की गई।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के घर गए कार्यकर्ता
Meri Maati Mera Desh : इस यात्रा का शुभारंभ करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आज मन की बात कार्यक्रम में स्पष्ट बता दिया कि 7500 से अधिक प्रखंडों के गांवों में जाकर पार्टी के कार्यकर्ता शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के घरों तक गए और मिट्टी एकत्रित किए।

इसमें कई शहीद और स्वतंत्रता सेनानी को भुला दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह काम सरकार को करना चाहिए, लेकिन नीतीश सरकार की नींद नहीं खुली। आज बिहार में शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भाजपा पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज उत्साहित युवा जिस तरह भगवा मुरेठा बांध कर दिल्ली जाने को तैयार हैं, उससे साफ दिखाई दे रहा है कि ये युवा देश को श्रेष्ठ बनाने के प्रति दृढ़ संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि मुरेठा मजदूरी का प्रतीक है।
‘मेरी माटी मेरा देश’ में सभी का सहयोग मिला

Meri Maati Mera Desh : चौधरी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मेरी माटी मेरा देश में सभी का सहयोग मिला है। मेरी अपेक्षा तो सरकार से भी थी कि सहयोग मिलेगी। लेकिन नहीं मिला तब भी कोई बात नहीं। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने एक भारत श्रेष्ठ भारत का जो सपना देखा था आज प्रधानमंत्री उसी सपने को पूरा करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मानती है कि वह राष्ट्र के लिए कुछ भी कर सकती है। आज धारा 370 समाप्त कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि मेरी माटी मेरा देश से स्पष्ट संदेश है कि कार्यकर्ता भारत को श्रेष्ठ बनाने की शुरुआत कर चुके हैं।

तुष्टीकरण की वजह से आजादी पूर्व देश बांट दिया गया
Meri Maati Mera Desh : समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपनी कुर्बानी दी होगी उसने भी नहीं सोचा होगा कि देश बंट जाएगा, लेकिन तुष्टीकरण और सत्ता की खातिर आजादी के पूर्व संध्या पर देश को बांट दिया गया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज देश के अंदर अजीब माहौल बनाया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि भारत को विश्व गुरु बनाना है और आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का युवा परिवर्तन के लिए मचल रहा। युवा देश को श्रेष्ठ बनाने के संकल्प को लेकर बेताब है।

जनमानस को जोड़ने का प्रयास
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरि सहनी ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश के जरिए देश के जनमानस को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों पूर्वजों ने देश की खातिर कुर्बानियां दी आज भाजपा उनके घरों तक आंगन तक पहुंचकर सम्मान दे रही। कार्यक्रम के संयोजक मिथिलेश तिवारी ने इस कार्यक्रम को सभी के मिले सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम में फिल्म कलाकार पवन सिंह ने भी युवाओं को राष्ट्रभक्ति गीत सुनाकर उत्साहित किया।

11 शहीद परिजनों को सम्मानित किया
Meri Maati Mera Desh : इस दौरान 11 शहीद परिजनों को सम्मानित किया गया। इसमें रीति देवी, पुष्पा राय, विद्या देवी, श्यामला देवी, रीता देवी, इंदु देवी, पूनम देवी, मणिमाला देवी, नीता देवी, समिता देवी, मुन्नी देवी शामिल थी।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, शहनवाज हुसैन, राम कृपाल यादव, नंद किशोर यादव, विवेक ठाकुर, जनक राम, जनक सिंह सहित पार्टी के अधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय से निकली कलश यात्रा शहीद स्मारक सप्त मूर्ति के (बिहार विधान सभा के सामने पटना) के पास पहुंची जहां पंच प्रण प्रतिज्ञा लिया गया।
यहां से प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय ‘अमृत कलश यात्रा’ से अमृत कलशों को रवाना किया। साथ ही वीर शहीदों के त्याग को नमन किया।
इस अभियान के तहत बिहार के सभी जिलों से एकत्रित मिट्टी दिल्ली कर्तव्यपथ रवाना होगी जिससे एक अमृत वाटिका का निर्माण होगा।
इसके बाद यह अमृत कलश यात्रा आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय सहित अन्य नेताओं ने युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा के नेतृत्व में दिल्ली जा रहे सभी 1500 युवाओं के साथ अमृत कलश को स्पेशल ट्रेन से रवाना किया ।


