News Update 25j: शिवसेना पर दावे की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट पहुंचने को हमने पहली खबर बनाया है, क्योंकि यह उठापटक लंबी चलनी है। गोवा में बार पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजनीतिक गलियारे में कांग्रेस और भाजपा आमने सामने हैं। एलएसी पर बेलगाम चीनी लड़ाकू विमान भारतीय प्रतिरक्षा के लिए चुनौती बन गए हैं। चार सूर्य वाले सौरमंडल की खोज ने हमें चौंका दिया है। नीरज चोपड़ा ने भारत की झोली में रजत पदक डाल दिया है।
News Update 25j: शिवसेना के संविधान में संगठन की पावर ठाकरे के पास
श्रीकांत सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!News Update 25j: महाराष्ट्र में शिवसेना के बीच खींचतान एक नए रूप में सामने आ गई है। चुनाव आयोग के आदेश के खिलाफ शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी है। इसके जरिये एकनाथ शिंदे-गुट की याचिका पर चुनाव आयोग की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई है। क्योंकि उद्धव गुट का कहना है कि चुनाव आयोग यह तय नहीं कर सकता कि बागी विधायकों की अयोग्यता पर फैसला होने तक असली शिवसेना कौन है?
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट से पहले राज्य में असली शिवसेना के लिए लड़ाई चुनाव आयोग तक पहुंची थी। चुनाव आयोग ने उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना में बहुमत साबित करने के लिए दस्तावेजी सबूत पेश करने के लिए कहा था। चुनाव आयोग ने एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट को 8 अगस्त को दोपहर एक बजे तक जवाब देने का वक्त दिया है। लेकिन इससे पहले ही ठाकरे गुट ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया है।
वास्तव में, शिवसेना नाम को 9 अक्टूबर 1989 को रजिस्टर किया गया था। इस नाम का चुनाव चिन्ह धनुष और तीर है। महाराष्ट्र में शिंदे गुट की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने गुट को असली शिवसेना बता रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को बताया है कि उनके समर्थन में 55 में 40 विधायक, कई एमएलसी और 18 में 12 सांसद हैं। लेकिन शिवसेना के संविधान की बात करें, तो उसके अध्यक्ष में सभी शक्तियां निहित हैं। और अभी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे हैं।
गोवा में अवैध बार पर दावे प्रति दावे, भाजपा और कांग्रेस आमने सामने
Alleged illegal bar in Goa: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और जयराम रमेश को कानूनी नोटिस भेज कर उन्हें बिना शर्त लिखित माफी मांगने को कहा है। लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पुत्री गोवा में “गैरकानूनी बार” चला रही हैं। पार्टी ने पीएम मोदी से आग्रह किया है कि वह इस आरोप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री को बर्खास्त करें।
केंद्रीय मंत्री की पुत्री के वकील कीरत नागरा का दावा है कि उनकी मुवक्किल ‘सिली सोल्स” नामक रेस्टोरेंट की न तो मालकिन हैं और न ही इसका संचालन करती हैं। किसी प्राधिकार ने उन्हें कोई ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी नहीं किया है। लेकिन कांग्रेस ने कागजात के जरिये दावा किया है कि आबकारी विभाग ने स्मृति ईरानी की पुत्री को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया था। जिस अधिकारी ने नोटिस दिया था, उसका कथित तौर पर तबादला किया जा रहा है।
एलएसी पर बेलगाम चीनी लड़ाकू विमान
Unbridled Chinese Fighter Aircraft: चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। भारत को भड़काने के लिए बेलगाम चीनी लड़ाकू विमान भारतीय इलाकों के पास उड़ान भर रहे हैं। कोर कमांडर स्तर की बातचीत के बाद भी चीनी लड़ाकू विमान पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के करीब उड़ान भर रहे हैं। इस हरकत को सीमा पर भारतीय रक्षा प्रणाली की जासूसी के तौर पर देखा जा रहा है।
तभी तो भारत चौकन्ना हो गया है। देश ने एस 400 मिसाइल एयर डिफेंस सिस्टम को चीन की सीमा पर सक्रिय करने की योजना बना रहा है। दूसरे एस 400 स्क्वाड्रन की डिलिवरी रूस से जहाजों और विमानों के जरिये चल रही है। जल्द ही इस डिफेंस सिस्टम को चीन की सीमा पर तैनात किया जाएगा। और हाई अलर्ट पर सक्रिय भारतीय वायुसेना कार्रवाई को तैयार हो गई है। इस प्रकार चीन के लड़ाकू विमानों को करारा जवाब मिल सकेगा।
चार सूर्य वाले सौरमंडल की खोज, निगल लिया गया एक सूर्य
Solar System: खगोलविदों को पहली बार चार सूर्य वाला सौरमंडल मिला है। यह एक ऐसा सौरमंडल है, जिसके चार सूर्यों में तीन ही बचे हैं। क्योंकि तीसरे वाले ने चौथे सूर्य को निगल लिया था। दो सूर्यों का एक द्विज तंत्र है, जिसका एक बड़ा सूर्य चक्कर लगा रहा है। एचडी 98800 नाम का यह तंत्र टीडब्ल्यू हाइड्रे तारामंडल में 150 प्रकाश वर्ष की दूरी पर स्थित है।
जब इस तंत्र की खोज हुई थी तब माना गया कि इस तंत्र में कुछ गड़बड़ी है और तब गैर पेशेवर खगोलविदों ने पेशेवर खगोलविदों को इस बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद ही खगोलिविदों ने इस अनोखे तीन सूर्यों के तंत्र के होने की पुष्टि की और इस अध्ययन में द्विज सूर्य के होने और काफी पहले चौथे सूर्य की उपस्थिति होने का पता लगाया।
नीरज चोपड़ा ने जीता भारत का पहला रजत पदक
World Athletics Championships: ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में 88.13 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। भारत के लिए विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र पदक 2003 में पेरिस में अंजू बॉबी जॉर्ज ने लंबी कूद में कांस्य जीता था।
फाउल से शुरुआत करने वाले चोपड़ा ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे प्रयास में 82.39, तीसरे में 86.37 और चौथे प्रयास में 88.13 मीटर का थ्रो फेंका। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 90.46 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता। चेक गणराज्य के याकूब वालडेश को कांस्य पदक मिला। भारत के रोहित यादव 78.72 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दसवें स्थान पर रहे।


