बरसात सबको अच्छी लगती है। लेकिन इस शानदार मौसम में आपने अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया तो सारा मजा किरकिरा हो सकता है। सभी जानते हैं कि बारिश के कारण तमाम जीव जन्तु और कीड़े मकोड़े पैदा हो जाते हैं। इसी सीजन में कुछ बीमारी पैदा करने वाले बैक्टीरिया भी पैदा होते हैं। अगर आपने इनसे बचने के लिए साफ सफाई और खानपान पर ध्यान न दिया तो ये आपको बीमार कर सकते हैं।
बरसात के सीजन में ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, खट्टी-मसालेदार, तली हुई चीजें न खाएं। इस मौसम में हेल्दी डाइट लेना बहुत जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां, घर का बना खाना, सूप, फाइबर युक्त आहार और फ्रूट खाने से आप हेल्दी रहेंगे।
सर्दी हो या गर्मी शरीर में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। गुनगुने पानी का सेवन पाचन क्रिया को भी दुरुस्त रखता है। खाना खाने से एक घंटा पहले और खाना खाने के आधे घंटे बाद ही पानी पिएं। ठंडा पानी पीने से गला खराब हो सकता है।
सब्जियों के साथ-साथ अपने आहार में कुछ जरूरी हर्ब भी शामिल करें। इससे शरीर को ऊर्जा मिलेगी और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होगी। आंवला, ब्राह्मी, तुलसी, एलोवेरा, अदरक, इलायची, अजवाइन, सौंफ आदि भी सेहत के लिए बहुत जरूरी है।
छोटे बच्चे मौसम में बदलाव आने के कारण बीमारी की चपेट में बहुत जल्दी आ जाते हैं। इनका खास ख्याल रखने की बहुत जरूरत होती है। कई बार तो इससे बच्चों को डायरिया होने की आशंका रहती है। ऐसे में उन्हें अच्छी डाइट दें। बाजार की बनी चीजें न खिलाएं। समय-समय पर उन्हें लिक्विड दें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
दिन में मौसम जिस तरह से कभी धूप, कभी बादल बारिश वाला हो रहा है उसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। इस तरह टेम्परेचर फ्लक्चुएशन से तबियत बिगड़ सकती है। बाहर से आकर एकदम पानी न पिएं या कपड़े न बदलें। चिलचिलाती धूप से एकदम से एसी में प्रवेश न करें वरना आप बीमार हो सकते हैं।
अपने आस-पास सफाई रखें, धूल-मिट्टी और गंदगी के कारण एलर्जी होने का डर रहता है। इस कारण आप जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। घर में यदि काकरोच, मच्छर और छिपकली आदि आ रहे हैं तो पेस्ट कंट्रोल करा लें। इससे आप बीमारियों से बचे रहेंगे।


