Shri Jagannath Rath Yatra: नोएडा के सेक्टर-121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को 17वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी। महोत्सव में 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
Shri Jagannath Rath Yatra: पचास हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
नोएडा। Shri Jagannath Rath Yatra 2026: सेक्टर-121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले 17वें वार्षिक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। धार्मिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इस भव्य आयोजन में दिल्ली-एनसीआर सहित विभिन्न राज्यों से करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!श्री जगन्नाथ समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पारंपरिक रथ यात्रा निकाली जाएगी। समिति के अध्यक्ष प्रमोद बहल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, ताकि भक्तों को उत्सव के अनुरूप आध्यात्मिक और आकर्षक वातावरण मिल सके।
महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से हुई
उन्होंने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा से हुई। इसके बाद 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन आयोजित होंगे। मुख्य आकर्षण 16 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे निकलने वाली रथ यात्रा होगी, जो श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-121 से प्रारंभ होकर सेक्टर-71 स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर तक पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त 24 जुलाई को बहुदा यात्रा, 25 जुलाई को भगवान का सुना वेश तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
भगवान के रथ का निर्माण कार्य अंतिम चरण में
प्रमोद बहल ने बताया कि भगवान के रथ का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लगभग 18 फीट ऊंचे और छह पहियों वाले इस पारंपरिक रथ को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए समिति के पदाधिकारियों के साथ करीब 500 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।
इस वर्ष समारोह के मुख्य अतिथि दीपक सिंघल होंगे, जो भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म का निर्वहन करेंगे। वहीं, ग्रेट पोस्ट न्यूज़ और आरम्भ टीवी पूरे रथ यात्रा महोत्सव का सीधा प्रसारण भी करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे
आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिनमें भक्ति संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। मंदिर प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में रथ यात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
समिति का कहना है कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक यह महापर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।



Shri Jagannath Rath Yatra: नोएडा के सेक्टर-121 स्थित श्री रत्न क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर से 16 जुलाई को 17वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी। महोत्सव में 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।