Burning of effigies: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली के चीफ मिनिस्टर अरविंद केजरीवाल और बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत ने रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों पर तीर छोड़े तो ये पुतले धू धू कर जलने लगे।
Burning of effigies: बॉलीवुड स्टार कंगना और सीएम केजरीवाल पहुंचे
इंफोपोस्ट न्यूज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नई दिल्ली। Burning of effigies: रावणत्व की पराकाष्ठा पर रामत्व का आविर्भाव अवश्यंभावी है। इस सकारात्मक विचार को मन में बनाए रखने के लिए ही दशहरा और रामलीला का आयोजन किया जाता है। लव कुश रामलीला की ओर से रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि 24 अक्टूबर को लाल क़िला ग्राउंड में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली के चीफ मिनिस्टर अरविंद केजरीवाल, बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत ने तीर चला कर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। पटाखों और आतिशबाजी पर बैन होने की वजह से आठ ट्रैक डिजिटल डॉल्बी साउंड सिस्टम के जरिये आतिशबाजी की गई। उससे ऐसी आवाज निकली कि पूरा ग्राउंड गुंजायमान हो उठा।
रावण के पुतले से निकली जय श्री राम की आवाज
रावण के पुतले से जय श्री राम की आवाज निकली और रावण की आंखों से आग निकलने लगी। विनय कुमार सक्सेना ने देशवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई दी| लीला ग्राउंड में आए लाखों राम भक्तों को संबोधित करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले जय श्री राम का तीन बार उदघोष किया फिर कहा कि विजय दशमी का दिन हम सभी को एकबार फिर यह याद दिलाने का दिन है कि आखिर में सत्य की ही जीत होती है।
उन्होंने कहा, यह मेरा सौभाग्य है कि मैं एक बार फिर प्रभु श्री राम की इस लीला में आया हूं और मुझे राम भक्तों के बीच एक बार फिर श्री राम का उदघोष करने का अवसर मिला। इस अवसर पर बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत ने भी राम भक्तों के बीच कई बार जय श्री राम का उदघोष किया और कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि लाल किला मैदान पर लव कुश रामलीला में दशहरा पर्व के अवसर पर आने का मौका मिला। इसके लिए मैं धन्यवाद करती हूं।
प्रभु श्री राम की लीला का मंचन लोक कल्याणकारी
उन्होंने कहा, प्रभु श्री राम की लीला का मंचन लोक कल्याणकारी है। कमेटी अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत को देखने का क्रेज इस कदर था कि पुलिस के साथ लीला कमेटी की ओर से 140 बाउंसर भी तैनात करने पड़े।
कमेटी की ओर से प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार के साथ सुभाष गोयल महामंत्री, चेयरमैन पवन गुप्ता, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सत्य भूषण जैन और सौरव गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री और एक्ट्रेस कंगना रनौत को लीला का प्रतीक चिन्ह, राम नामी पटका, शक्ति की प्रतीक गदा भेंट कर सम्मानित किया। अर्जुन कुमार ने रामलीला के मंचन के संदर्भ में जानकारी शेयर की।


