Noida Ramlila 2026: श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, नोएडा की ओर से इस वर्ष भी रामलीला एवं विजयादशमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। नोएडा स्टेडियम के सेक्टर-21ए स्थित रामलीला मैदान में 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक रामलीला का मंचन होगा। समिति ने प्रेसवार्ता में आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
Noida Ramlila 2026: गणेश पूजन से होगा शुभारंभ
इंफोपोस्ट/Noida Ramlila 2026
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को शाम सात बजे गणेश पूजन के साथ होगा। उद्घाटन अवसर पर संस्था के मुख्य संरक्षक एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, पश्चिमी क्षेत्रीय उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता सहित कई प्रमुख अतिथियों के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम अध्यक्ष मुकेश शर्मा, स्वागत अध्यक्ष पीयूष द्विवेदी, कार्यक्रम संयोजक मधुसूदन दादू, प्रकाश हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. वी.एस. चौहान और पी.के. अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी आयोजन से जुड़े रहेंगे। रामलीला का मंचन हरि शक्ति कला ट्रस्ट के निदेशक पंकज शर्मा, अमित शर्मा, कमल गिरीष, हरीश शर्मा और मुकेश शर्मा के निर्देशन में संचालित किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, नोएडा में पिछले 41 वर्षों से लगातार रामलीला मंचन एवं विजयादशमी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी दिल्ली और मुंबई के प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्मी कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है।
15 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 15 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य राम बारात होगी। यह दोपहर तीन बजे सेक्टर-19 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों से गुजरते हुए रात आठ बजे रामलीला मैदान, सेक्टर-21ए पहुंचेगी। बारात में बैंड-बाजे, रथ, ढोल-नगाड़े और आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल होंगी।
इस वर्ष रामलीला का मंच विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। मंच की थीम केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम और जगन्नाथ पुरी धाम पर आधारित होगी। इसमें 3डी इफेक्ट और एलईडी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। डबल मंच को महल के स्वरूप में सजाया जा रहा है, जिसमें जंगल, पहाड़ और किले की झलक दिखाई देगी।
20 अक्टूबर को होगा 80 फीट के रावण का दहन
विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। समिति के अनुसार, रावण का पुतला 80 फीट, कुंभकरण का 75 फीट और मेघनाद का 65 फीट ऊंचा होगा। आकर्षक रोशनी और आतिशबाजी के बीच पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
21 अक्टूबर को भरत मिलाप, सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया के साथ महोत्सव का समापन होगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम
समिति ने बताया कि आयोजन के लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक और समिति के पदाधिकारी तैनात रहेंगे। मैदान में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था के साथ फूड स्टॉल, झूले, सर्कस और फायर क्रैकर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
समिति को उम्मीद है कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचेंगे, जबकि दशहरे के दिन बड़ी संख्या में नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
प्रेसवार्ता में समिति के चेयरमैन डॉ. टी.एन. गोविल, अध्यक्ष टी.एन. चौरसिया, महासचिव संजय बाली, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अल्पेश गर्ग समेत अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।


