ओम वर्मा, मोतिहारी। Lok Sabha Elections :
देश में तीन राज्यों में भाजपा की बड़ी जीत के बाद पूरी पार्टी का जोश हाई है।
पार्टी उत्साहित है और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। बिहार में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री व मोतिहारी के विधायक प्रमोद कुमार ने दावा किया कि देश में तीसरी बार मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। बिहार के मोतिहारी में इंफोपोस्ट न्यूज के स्टूडियो में रविवार को एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दौरान भाजपा विधायक ने दावा किया कि हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव में चार सौ सीटों का आंकड़ा पार करेगी। नरेंद्र मोदी और उनकी गारंटी पर जनता को पूरा भरोसा है। केंद्र सरकार की आज कई योजनाएं संचालित हैं, जिनका फायदा गरीबों को हो रहा है।
https://fb.watch/o-2AGJ4dWf/?mibextid=2JQ9oc
भाजपा के पास विजन
Lok Sabha Elections : भाजपा विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अपना विजन है। पार्टी के लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। राष्ट्र के बाद ही परिवार का स्थान आता है। वहीं दूसरी ओर अन्य पार्टियों के लिए परिवार सर्वप्रथम है, उसके बाद ही राष्ट्र है। सत्ता में आने पर उनके परिवार के लोग ही बड़े पदों पर विराजमान होते हैं। यह बहुत बड़ा फर्क है भाजपा और अन्य पार्टियों में।
सेकेंड लाइन को मौका
Lok Sabha Elections : बिहार के पूर्व मंत्री ने कहा कि हाल ही में कई राज्यों के हुए विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों में पार्टी को बंपर जीत मिली। इस जीत के बाद भाजपा कोर कमेटी ने तय किया कि इस बार नए चेहरों को मौका दिया जाए। उन्हें राज्य को चलाने का अवसर मिलना चाहिए। इसी के तहत पार्टी ने अपने आम कार्यकर्ताओं को राज्यों में मुख्यमंत्रियों के पदों के लिए चुना। इस प्रकार का प्रयोग भाजपा में ही हो सकता है।
तो नीतीश यहां तक नहीं पहुंचते
Lok Sabha Elections : नीतीश कुमार भाजपा से अलग हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव में इससे भाजपा को कोई नुकसान होगा, के सवाल पर विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि अगर भाजपा नहीं होती तो नीतीश कुमार कभी सांसद नहीं बनते। भाजपा की ही देन है कि वह मुख्यमंत्री बने। नीतीश कुमार चाहते थे कि राष्ट्रवादी शक्तियां आगे नहीं बढ़ें। आज नीतीश कुमार, लालू प्रसाद के यहां जी हुजूरी कर रहे हैं। पूरी आरजेडी, लालू प्रसाद और उनके पुत्र ने तो विधानसभा में नीतीश कुमार को क्या नहीं कहा, यह किसी से छुपा नहीं है। अब भाजपा, नीतीश कुमार की पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।


