Israel-Hamas war: गाजा में लाखों फिलिस्तीनी भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। हमास और इजरायल के बीच चल रही भीषण जंग के बीच लोग दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं। जान बचाने के लिए लोगों ने समुद्र के किनारे शरण ली है। लेकिन जीवन का संकट और भी बढ़ गया है। इसी बीच युद्ध विराम की भी संभावना जताई गई है।
Israel-Hamas war: भीषण जंग के बीच हालात बेहद खराब
इंफोपोस्ट डेस्क
Israel-Hamas war: गाजा में इजरायल और हमास के बीच चल रही भीषण जंग के बीच हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा आम लोगों को जंग का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। लोग दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं। जॉर्डन से हवाई मदद जरूर पहुंचाई गई, लेकिन ये मदद भी नाकाफी है। भूखे लोगों की संख्या लाखों में हैं, जबकि मदद के चंद पैकेट ही आसमान से बरसाए जा रहे हैं। खबरें मिल रही हैं कि हमास और इजरायल के बीच शीघ्र ही सीजफायर हो सकती है।
पिछले साल 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला किया था। उसके बाद सबकुछ बदल गया। आज इज़रायल के हमले में गाज़ा पूरी तरह तबाह हो चुका है। चारों तरफ मकान के मलबे के सिवा कुछ भी नजर नहीं आ रहा। जान बचाने के लिए लोग सोमवार को समंदर किनारे भागे, लेकिन यहां खाने को कुछ भी नहीं मिला। बच्चे, बूढ़े और महिलाएं सभी दाने-दाने को मोहताज हैं। इस बीच धमाके और गोलियों की आवाजें भी सुनने को मिल रही हैं। लोग यहां-वहां भागते भी नजरआ रहे हैं।
सोमवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला की तरफ से खाद्य और चिकित्सा मदद हवाई ड्रॉप ऑपरेशन के ज़रिए पहुंचाई गई। इसके लिए चार सी-130 विमान तैनात किए गए। हालांकि इस हवाई ड्रॉपिंग के दौरान कुछ सामाग्री समुद्र में गिर गई। इसे नावों से वापस लाया गया। इजरायली हमलों की वजह से गाजा की 23 लाख की आबादी में 85 फीसदी लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। अब ये लोग अरब देशों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन मदद के नाम पर इन लोगों को भरोसा ही मिल रहा है।
इजरायल-हमास के बीच जंग थमने के आसार
राहत की बात ये है कि इजरायल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष के थमने के आसार दिखने लगे हैं। गाजा में सीजफायर के लिए जहां फ्रांस, कतर और मिस्र में कई दौर की बातचीत हुई है वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उम्मीद जताई है कि सोमवार तक इजरायल-हमास संघर्ष में युद्धविराम हो जाएगा। कॉमेडियन सेठ मेयर्स के साथ न्यूयॉर्क शहर में एक आइसक्रीम की दुकान पर पहुंचे बाइडेन से पूछा गया कि युद्धविराम कब शुरू हो सकता है, तो उन्होंने कहा कि इस वीकेंड तक।
एक दिन पहले ही अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने बताया था कि गाजा संकट को लेकर इजरायल, अमेरिका, मिस्र और कतर के प्रतिनिधियों ने पेरिस में मुलाकात की है। इस दौरान अस्थायी संघर्ष विराम के बदले हमास की ओर से बंधक बनाए गए इजरायली नागरिकों को रिहा करने पर सहमति बन गई है। हमास ने इजरायल पर हमला कर 1200 लोगों को मार डाला था और 250 लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बदले की कार्रवाई के तहत इजरायल ने गाजा में कहर ढा दिया।
जंग के बाद भी गाजा पर नियंत्रण चाहता है इजरायल
Israel-Hamas war: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास के साथ जारी जंग खत्म होने के बाद गाजा के प्रशासन की योजना पेश की है। इस योजना के मुताबिक, इजरायल गाजा पट्टी की सुरक्षा को अनिश्चित काल के लिए अपने हाथ में रखेगा। इसके साथ ही गाजा को पूरी तरह डिमिलटराइज करेगा। मिस्र के साथ लगी सीमा पर भूमिगत तस्करी रोकने के लिए मज़बूत सुरक्षा का भी इंतज़ाम करेगा।
इसके अलावा जॉर्डन के पश्चिम में जल, थल और हवाई क्षेत्र पर इजरायल का कब्जा रहेगा। इस योजना को पेश करने से पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दो राष्ट्र सिद्धांत को भी खारिज किया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, इजराइल के लोग और उनके चुने हुए प्रतिनिधि आज इतने एकजुट हैं जितना पहले कभी नहीं थे। शांति तभी प्राप्त की जा सकती है जब हम हमास पर पूर्ण विजय प्राप्त कर लें।


