नई दिल्ली। चीनी मोबाइल फोन कंपनी वीवो के स्पांसरशिप से हट जाने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग को प्रायोजक की तलाश थी। पहले बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि का नाम सामने आया था, लेकिन अब उसकी चर्चा पर विराम लग गया है। आईपीएल को नया प्रायोजक मिल गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने यूएई में होने वाले अपने 13वें सीज़न के लिए टूर्नामेंट के नए शीर्षक प्रायोजक ड्रीम इलेवन के साथ अपना नया लोगो जारी कर दिया है। आईपीएल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लोगो को जारी किया था। इसके साथ ही पिछले साल की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने भी आईपीएल के नए लोगों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
बता दें कि Dream11 ने शिक्षा तकनीक से जुड़ी कंपनियां बाइजू और अनएकडेमी को पीछे छोड़कर 222 करोड़ रुपये में चार महीने 13 दिन के लिए प्रायोजन अधिकार हासिल किए थे। ड्रीम इलेवन IPL 2020 में चीनी मोबाइल फोन कंपनी वीवो का स्थान लेगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि भी कर दी है कि IPL 2020 के लिए Dream 11 कंपनी को मुख्य प्रायोजक के अधिकार दे दिए गए हैं। इसके एक दिन बाद IPL के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नए लोगो को भी जारी कर दिया गया।
आईपीएल 2020 की शुरुआत 19 सितंबर से हो रही है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में हो रहा है। आईपीएल को इस बार इसलिए विदेश में आयोजित करना पड़ रहा है, क्योंकि देश में कोरोना वायरस महामारी काफी तेजी से फैल रही है। फाइनल मुकाबला 10 नवंबर को होगा। ऐसा पहली बार है, जब इंडियन प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला वीकेंड पर नहीं, बल्कि वीक डे पर होगा।
आईपीएल का नया लोगो खुद आइपीएल के सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया है। वैसे तो आइपीएल के नए लोगो में ज्यादा कुछ नया नहीं है, क्योंकि मुख्य लोगो में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन टाइटल के साथ ड्रीम 11 जुड़ने से इसको एक नया लुक मिल गया है। इसी लोगो को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है।
दरअसल, आईपीएल 2020 के लिए पहले वीवो टूर्नामेंट का मुख्य प्रायोजक था, लेकिन भारत-चीन के बीच बढ़ते तनाव के कारण बीसीसीआई ने वीवो के साथ इस साल के लिए अपनी डील कैंसिल कर दी। हालांकि, अगले साल वीवो टाइटल स्पॉन्सर के रूप में लौट सकता है, लेकिन इस साल बीसीसीआई को नए स्पॉन्सर के साथ हाथ मिलाना पड़ा है।


