अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी के बयान पर स्मृति इरानी ने दिया जवाब
इंफोपोस्ट डेस्क, नयी दिल्ली।
What Congress given to Adani: आज लोकसभा में जब आइएनडीआइए गठबंधन की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी तो राहुल गांधी ने भाजपा नेताओं से कहा कि आप परेशान मत हों। आज मैं अडानी के बारे में बात नहीं करूंगा। पिछली बार जब मैंने अडानी के बारे चर्चा की थी तो भाजपा के हमारे मित्र दुखी हो गए थे। इस पर सत्ता पक्ष से मोर्चा संभाल रहीं सांसद स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस और अडानी के संबंध रहे हैं। कांग्रेस ने अडानी को काफी कुछ दिया है। इसका भी ब्योरा देना जरूरी है।
स्मृति इरानी ने दिया ब्योरा
What Congress given to Adani: राहुल गांधी के बयान पर जवाब देते हुए स्मृति इरानी ने कहा, ‘ये अडानी-अडानी कर रहे हैं तो थोड़ा मैं भी बोल दूं और बता दूं कि फोटो मेरे पास भी है। अडानी इतना ही खराब हैं तो जीजाजी उनके साथ क्या कर रहे हैं।’ स्मृति इरानी ने आगे कहा, ‘पूछना चाहती हूं कि साल 1993 में मुंद्रा पोर्ट ने कांग्रेस की सरकार ने अडानी को जगह दी तब प्रधानमंत्री कौन थे। उस समय कांग्रेस के प्रधानमंत्री थी और वित्त मंत्री मनमोहन सिंह थे। इन्होंने अडानी को 72 हजार करोड़ रुपये का लोन दे दिया, क्यों दिया? अडानी ने राजस्थान में 60 हजार करोड़ का समझौता अशोक गहलोत के साथ किया। 30 हजार एकड़ जमीन ले ली, क्यों किया?
केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने आगे कहा, ‘केरल में कांग्रेस की यूडीएफ सरकार के साथ पोर्ट का काम क्यों दिया? जब महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब अडानी को पोर्ट का काम क्यों दिया? बंगाल में हल्दिया पोर्ट का काम अडानी को क्यों दिया गया? छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अडानी को क्यों काम दिया, जबकि आदिवासियों ने इसका विरोध किया था। अब इसमें बेटा कितना सेट होगा और दामाद को कितना भेंट होगा हम क्या जानें।’
फिर मोदी की सरकार बनेगी
स्मृति इरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जमीन कौन-कौन हड़पता है ये सबको पता है। इनका काम ‘किसी को सेट करो, किसी को भेंट करो’ है। आज ये लोकंतंत्र की बात करते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘साल 2024 में एक बार फिर मोदी सरकार बनाएंगे. इस देश की तिजोरी की चाबी उनकी माता जी के हाथ में ये हिंदुस्तान नहीं देगा।’


