LS Polls 2024: जेपी नड्डा और मल्लिकार्जुन खरगे को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि स्टार प्रचारकों से कहा जाए कि वे कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतें। लेकिन चुनाव आयोग पर भी भेदभाव करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
LS Polls 2024: मर्यादा बनाए रखने के निर्देश
इंफोपोस्ट डेस्क
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!LS Polls 2024: लोकसभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी का सिलसिला भी जारी है। चुनाव आयोग की ओर से लगातार ऐसे मामलों पर कार्रवाई भी की जा रही है। चुनाव आयोग ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कहा है कि वे अपने स्टार प्रचारकों को कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतने और मर्यादा बनाए रखने के निर्देश दें।
चुनाव आयोग द्वारा चुनाव प्रचार के गिरते स्तर को देखते हुए ये आदेश दिए गए हैं। आयोग ने जाति, समुदाय, भाषा और धर्म के आधार पर प्रचार करने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को आड़े हाथों लिया। आयोग ने भाजपा को निर्देश दिए हैं कि पार्टी के नेता अपने भाषणों के दौरान धार्मिक और सांप्रदायिक बयानबाजी न करें। यह भी कहा गया है कि समाज को बांटने वाले बयानों से बचें। चुनाव आयोग ने इस बात पर भी जोर दिया कि चुनाव के समय सत्तारूढ़ दल पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है।
अग्निवीर योजना खत्म करने वाले बयान न दिए जाएं
चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेताओं से कहा है कि आधारहीन बयानबाजी न करें। मुख्य रूप से संविधान को खत्म करने और अग्निवीर योजना खत्म करने वाले बयान न देने के आदेश दिए गए हैं। कांग्रेस प्रचारकों और उम्मीदवारों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वे रक्षा बलों पर राजनीति न करें। साथ ही रक्षा बलों की सामाजिक और आर्थिक संरचना को लेकर विभाजनकारी भाषण न देने का आदेश दिया है।
बता दें कि हमारे नेता वोट के लिए भाषण की सारी मर्यादाएं तोड़ रहे हैं। उन्हें सिर्फ अपने वोट से मतलब है। देश और समाज का कितना भी नुकसान हो जाए, उससे उन्हें कोई मतलब नहीं है। लेकिन चुनाव आयोग को भी तरह तरह से घेरा जा रहा है और उस पर भेदभावपूर्ण नीति अपनाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।


