इंफोपोस्ट डेस्क, नयी दिल्ली। snowfall in china :
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हिमपात में फिसलन के कारण चीन में एक ट्रेन ने अपना नियंत्रण खो दिया। आगे चल रही दूसरी ट्रेन से उसकी भिड़ंत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम की है। चीन की राजधानी बीजिंग के पश्चिमी पर्वतीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम को चांगपिंग लाइन पर भारी हिमपात के बीच दो सबवे ट्रेन की भिड़ंत में 515 लोग घायल हो गए। घायलों में 102 लोगों की हड्डियां टूट गई। शहर के परिवहन प्राधिकरण ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी एक बयान में कहा कि पटरियों पर फिसलन के कारण आगे चल रही ट्रेन के रुक जाने से पीछे से आ रही ट्रेन ने अपना नियंत्रण खो दिया।
चांगपिंग लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना के दौरान अचानक झटका लगा और ट्रेन के अंदर अंधेरा छा गया। इस बीच घोषणा हुई कि ट्रेन खराब हो गई है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे ट्रेन छोड़ दें। वहीं हादसे की खबर मिलते ही स्टेशन पर एंबुलेंस और शटर बसें पहुंची। घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच की।
25 यात्री निगरानी में
सूत्रों के अनुसार आपात चिकित्सा कर्मी, पुलिस और परिवहन प्राधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और रात करीब 11 बजे तक सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। 25 यात्री निगरानी में हैं और 67 यात्री शुक्रवार को सुबह तक अस्पताल में भर्ती थे।
snowfall in china : बीजिंग में बुधवार को असामान्य रूप से भारी बर्फबारी शुरू हो गई जिससे कुछ ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा और स्कूल बंद करने पड़े। शहर में और हिमपात की चेतावनी दी गई है। रात भर पारा शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उत्तरी चीन में आए बर्फीले तूफान से अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


