इंफोपोस्ट संवाददाता, पटना। JDU Bihar :
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनता दल (यू0) मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा एवं भवन निर्माण मंत्री अशोक चैधरी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आमलोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

इस दौरान बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देशभर का दौरा कर तमाम विपक्षी दलों को एकजुट करने का काम किया और इंडिया गठबंधन के निर्माण में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही उनकी यह इच्छा थी कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सीट बंटवारे पर चर्चा हो लेकिन चुनाव में व्यस्तता के कारण यह संभव नहीं हो पाया। विधानसभा चुनाव के बाद निश्चित रूप से सीट बंटवारे पर सकारात्मक चर्चा होगी। इस संबन्ध में इंडिया गठबंधन की अलग-अलग कमिटियां अपना काम कर रही है।

संजय झा ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने से इंडिया गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हमारी पार्टी जब एनडीए गठबंधन के साथ थी तभी कई ऐसे मौके आए थे कि हम लोगों ने अन्य राज्यों में अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

JDU Bihar : संजय झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों की चर्चा नहीं करते हैं। उनके कार्यकाल में विकास के जितने भी कार्य हुए इसका जिक्र तक भाजपा द्वारा नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि 2014 के बाद से देश की आम जनता की जीवन में क्या परिवर्तन हुए। आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है।
उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 25 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम होने वाला है।
किसी की आस्था पर सवाल उठाना ठीक नहीं : अशोक
बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चैधरी ने राजद विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी धर्म की आस्था पर सवाल उठाना या टीका-टिप्पणी करना उचित नहीं है। सभी धर्मों की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री चेहरे की विषय में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास एक विराट कोहली है और इंडिया गठबंधन में दस विराट कोहली है। उपयुक्त समय आने पर हम सभी मिलकर यह तय करेंगे कि कौन और कब हमारी तरफ से बैटिंग करेगा। इंडिया गठबंधन में कहीं कोई कन्फ्यूजन नहीं है।
बिहार में भाजपा की स्थिति ठीक नहीं
JDU Bihar : राजस्थान में ईडी की छापेमारी पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विपक्षी दलों पर केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध की भावना को प्रदर्शित करती है। इस प्रकार से केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई से देश में यह धारणा बन रही है कि सरकार के इशारे पर एजेंसियां कार्य करती है और यह धारणा ठीक नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा की स्थिति ठीक नहीं है इसलिए उनके तमाम शीर्ष नेता बार-बार बिहार आ रहे हैं।
इस कार्यक्रम में विधानपार्षद संजय कुमार सिंह ‘‘गांधी जी’’, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन, प्रदेश महासचिव अरुण कुमार सिंह उपस्थित थे।


