
‘तू जीत के लिए बना’ काव्य संग्रह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत साबित होगा। इसकी अधिकांश कविताएं युवाओं को जोश से भर देने वाली हैं।
मुंबई के अंधेरी स्थित मुक्ति सभागार में किया गया लोकार्पण
SHIVANSH SINGH Infopost news
हिंदी जगत के मूर्धन्य साहित्यकारों में से एक डॉ. धर्मवीर भारती की याद में वाणी प्रकाशन समूह ने 16 जनवरी 2025 को जन्म शताब्दी उत्सव मनाया। इस अवसर पर मुंबई के अंधेरी स्थित मुक्ति सभागार में एक खास आयोजन हुआ। प्रख्यात राष्ट्रवादी कवि-गीतकार और उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेन्द्र वत्स के तीसरे काव्य संग्रह ‘तू जीत के लिए बना’ का लोकार्पण किया गया। इस काव्य संग्रह का प्रकाशन वाणी प्रकाशन समूह ने किया है। ‘तू जीत के लिए बना’ काव्य संग्रह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत साबित होगा. इसकी अधिकांश कविताएं युवाओं को जोश से भर देने वाली हैं.
कई बार पसंद किए गए हैं इनके गीत
मूल रूप से सुलतानपुर कादीपुर के गोपालपुर सरायख्वाजा गांव के रहने वाले गीतकार वीरेंद्र वत्स पिछले पांच सालों से गणतंत्र दिवस पर यूपी की झांकी के लिए गीत लिख चुके हैं। वर्ष 2021 और 2022 में यूपी की झांकी को पहला स्थान भी मिल चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मेरे गीत को लगातार सरकार द्वारा झांकी में शामिल किया गया। ये मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन में कह चुके हैं इनकी कविता
इनकी एक बहुत ही चर्चित कविता है जिसका वाचन स्वयं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सदन में किया था।
नज़र नहीं है नज़ारों की बात करते हैं
ज़मीं पे चाँद-सितारों की बात करते हैं
वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले
भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं
बड़ा हसीन है उनकी जबान का जादू
लगा के आग बहारों की बात करते हैं
मिली कमान तो अटकी नज़र ख़जाने पर
नदी सुखा के किनारों की बात करते हैं
वही गरीब बनाते हैं आम लोगों को
वही नसीब के मारों की बात करते हैं।
कई हस्तियां रहीं मौजूद
‘तू जीत के लिए बना’ के लोकार्पण के अवसर पर कवि-चिन्तक बोधिसत्व, कथाकार एवं पटकथा लेखक अतुल तिवारी, ग़ज़लकार राजेश रेड्डी, अभिनेत्री राजेश्वरी सचदेव, गायिका पद्मश्री शोमा घोष, वाणी प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अरुण माहेश्वरी, निदेशक अदिति माहेश्वरी, मंच संचालक अलका अग्रवाल और कवि विष्णु शर्मा मौजूद थे।