अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता और महासचिव नरेन्द्र चोपड़ा ने बताया कि 11 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा। उसमें लोहड़ी के गीत और पंजाबी गीतों के अलावा भांगड़ा डांस भी होगा।
इंफोपोस्ट न्यूज
Noida News : नोएडा पंजाबी समाज धूमधाम से लोहड़ी का त्योहार मनाता है। त्योहार के मद्देनजर पंजाबी एकता समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को पंजाबी एकता समिति ने सेक्टर-51 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति की तरफ से होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी। 11 जनवरी को भव्य कार्यक्रम रखा गया है। इसमें गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
पंजाबी एकता समिति
समिति के संरक्षक सरदार जसविंदर खोकर और संजय बाली ने बताया कि 6 जनवरी 2023 को स्थापित इस समिति ने पिछले एक साल में कई बड़े कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है। जनवरी 2024 में लोहड़ी समारोह के अलावा, समिति ने बैसाखी उत्सव, कोविड पीड़ित परिवारों के बच्चों की शैक्षिक सहायता, छबील कार्यक्रम, नियमित भंडारे और दिवाली मिलन समारोह जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए।
शाम 7 बजे से शुरू कार्यक्रम
अध्यक्ष वीरेंद्र मेहता और महासचिव नरेन्द्र चोपड़ा ने बताया कि 11 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होगा। उसमें लोहड़ी के गीत और पंजाबी गीतों के अलावा भांगड़ा डांस भी होगा। टी-सीरीज और जी-म्यूजिक के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। रात 8:30 बजे रात्रि लोहड़ी जलाई जाएगी।
दो हजार से अधिक परिवार के सदस्य
कोषाध्यक्ष गौरव चाचरा ने बताया कि संस्था में इस समय लगभग दो हजार से अधिक परिवार सदस्य हैं। आने वाले समय में हमारा लक्ष्य पांच हजार से अधिक सदस्य बनाने का है। संस्था की तरफ से जो भी कार्य समाज के हित में होगा, उसे किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनीत मेहता, नवीन सोनी, सुनील मेहता, अतुल मल्होत्रा, अतुल सहगल, सुभाष मेहता, सुभाष जैन, सुमित मनचंदा, बीके मेहता, पुनीत कपूर, सुनेना अरोड़ा आदि सदस्य मौजूद रहे।