Anmol Bishnoi: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। अनमोल को कैलिफोर्निया पुलिस ने हिरासत में लिया है। उस पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में दर्ज दो मामलों के अलावा 18 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
Anmol Bishnoi: सलमान के घर फायरिंग मामले में है वॉन्टेड
इंफोपोस्ट डेस्क
Anmol Bishnoi: लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में भारतीय समयानुसार सोमवार (18 नवंबर, 2024) को हिरासत में ले लिया गया। पिछले महीने भारत सरकार ने ग़ैर ज़मानती धारा के तहत वारंट जारी किया था। मामले पर केंद्रीय गृह विभाग या NIA आधिकारिक जानकारी दे सकती है।
कार्रवाई मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की ओर से अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू किए जाने के कुछ ही सप्ताह बाद हुई है। अनमोल बिश्नोई एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास गैलक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी के मामले में आरोपी है।
अनमोल पर दर्ज हैं कितने मामले?
अनमोल बिश्नोई पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से दर्ज दो मामलों के अलावा 18 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। हाल ही में, NIA ने अनमोल की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
एनआईए ने लोगों से अनमोल बिश्नोई के ठिकाने के बारे में जानकारी देने की गुजारिश की थी। लेकिन गैंगस्टर अनमोल उनकी पहुंच से बाहर रहा है। उसका आपराधिक नेटवर्क लगातार सक्रिय रहता है। जिससे भारत के मोस्ट वॉन्टेड लोगों में एक की शख्स में अनमोल की स्थिति और मजबूत हो रही है।
अपराध की दुनिया में अनमोल की कैसे हुई एंट्री?
अनमोल बिश्नोई ने अपराध की दुनिया में अपने भाई लॉरेंस के नक्शेकदम पर एंट्री ली है। अनमोल 7 अक्टूबर 2021 को जमानत पर रिहा हुआ था। साल 2023 में जांच एजेंसी ने उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
वह फर्जी पासपोर्ट पर भारत से भाग गया था। अनमोल बिश्नोई कथित तौर पर अपने ठिकाने बदलता रहता था। और पिछले साल केन्या और इस साल कनाडा में देखा गया था।
अनमोल बिश्नोई पर पुलिस का दावा
सिद्दीकी मर्डर केस में पुलिस के हाथ एक ऑडियो लगा था?। इसमें आरोपी और अनमोल बिश्नोई के बीच बातचीत का दावा किया गया था। इसको लेकर पुलिस ने कहा था कि इस ऑडियो की सच्चाई का पता लगाकर सिद्दीकी मर्डर केस में अनमोल की संलिप्तता को साबित करना है।
पुलिस के आवेदन पर कोर्ट ने अनमोल बिश्नोई और शूटर विक्की गुप्ता के बीच हुई कॉल की ऑडियो क्लिप देने का आदेश भी दिया था।
‘छोटे गुरुजी’ और ‘छोटे डॉन’ अनमोल की पहचान
अनमोल लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है। लॉरेंस गैंग में उसे छोटे गुरुजी के नाम से बुलाते हैं। जरायम की दुनिया में उसकी एक और पहचान है। उसके गुर्गे उसे छोटे डॉन भी कहते हैं।
अनमोल लॉरेंस से 6 साल छोटा है। जरायम की दुनिया में उसका कद काफी बड़ा है। 25 साल की उम्र में वो अमेरिका, अजरबैजान, कनाडा, केन्या, यूएई, पुर्तगाल और मेक्सिको के अलावा भारत में 1000 से ज्यादा शूटर्स को ऑपरेट कर रहा है।