Heavy rain: स्पेन में भीषण बाढ़ से कम से कम 205 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, बाढ़ का सबसे ज्यादा असर पूर्वी स्पेन के वैलेंसिया शहर पर पड़ा है। यहां अब तक 202 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
Heavy rain: 50 साल का रिकॉर्ड टूटा, 205 की मौत
इंफोपोस्ट डेस्क
Heavy rain: वैलेंसिया में 29 अक्टूबर को सिर्फ आठ घंटे में 12 इंच बारिश हुई। इतनी बारिश सालभर में होती है। भारी बारिश से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने का मौका नहीं मिला पाया। वैलेंसिया भूमध्य सागर के तट पर स्थित है। यहां करीब 50 लाख लोग रहते हैं।
स्पेन के हालिया इतिहास में यह पहली बार है, जब इतने लोगों की बाढ़ से मौत हो गई। BBC के मुताबिक, स्पेन में इससे पहले साल 1973 में सबसे बड़ी बाढ़ आई थी। तब 150 लोगों की मौत हुई थी। उससे पहले 1957 में वैलेंसिया शहर में भीषण बाढ़ आई थी, इसमें 81 लोगों की मौत हो गई थी।
स्पेन में तीन दिन की इमरजेंसी लगी थी
स्पेन में कल 3 दिन की इमरजेंसी लगी थी, आज फिर बारिश हो सकती है प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने लोगों को घरों पर रहने की चेतावनी दी है। स्पेन में 3 दिन की इमरजेंसी लगी हुई है। यह शनिवार, 2 नवंबर तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
बाढ़ से तबाह हुए इलाकों में राहत कार्य के लिए सेना के 1,000 से ज्यादा सैनिकों को तैनात किया गया है। हालांकि, लोगों का कहना है कि उन तक पर्याप्त मदद नहीं पहुंच पा रही। बाढ़ की वजह से सड़कें टूट गई हैं और कम्युनिकेशन और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से अभी कई इलाके शहरों से कटे हुए हैं।
इतनी बारिश क्यों हुई?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बाढ़ की वजह ‘कट-ऑफ लो प्रेशर सिस्टम’ था। ठंडी और गर्म हवाओं के मेल से घने बादल बने, जिससे भारी बारिश हुई। हाल के दिनों दुनिया में कई जगहों पर इस वजह से तेज बारिश और तबाही की घटनाएं हुई हैं। स्पेनी भाषा में इसे डाना इफेक्ट कहा जाता है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूमध्य सागर का ज्यादा गर्म होना भी भारी बारिश की वजह बना। इस साल अगस्त में भूमध्य सागर का तापमान 28.47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे ज्यादा तापमान था।
वहीं BBC के मुताबिक स्पेन में बाढ़ का पिछले 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले साल 1973 में बाढ़ से 150 लोगों की मौत हुई थी। वैलेंसिया ने 1980 के दशक में भी दो DANA तूफानों का सामना किया था।