Govardhan Puja: भगवान को 56 अन्न का भव्य भोग लगाया गया। भारतीय व्यंजनों के साथ-साथ विदेशी व्यंजन भी शामिल किए गए। इस महाभोग में भगवान के प्रिय मिष्ठान, फल, मेवा और अनाज के विशेष पकवान बनाए गए थे।
Govardhan Puja: बीस फुट ऊंचे गिरिराज पर्वत पर चढ़े 56 भोग
इंफोपोस्ट डेस्क
Govardhan Puja: नोएडा के सेक्टर 32ए स्थित इस्कॉन मंदिर में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीला को जीवंत करने के लिए विशेष पूजा-अर्चना और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया।
भक्तों की भारी भीड़ के बीच 20 फुट ऊंचे गिरिराज पर्वत की सुंदर सजावट की गई और पूरे विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की गई। मंदिर परिसर में चारों ओर हरे राम हरे कृष्णा के भजनों की गूंज सुनाई दी।
56 भोग समेत विदेशी व्यंजनों की भी रही झलक
मंदिर के मीडिया प्रभारी एकांत धाम दास ने बताया कि इस बार भगवान को 56 अन्न का भव्य भोग लगाया गया, जिसमें भारतीय व्यंजनों के साथ-साथ विदेशी व्यंजन भी शामिल रहे। इस महाभोग में भगवान के प्रिय मिष्ठान, फल, मेवा और अनाज के विशेष पकवान बनाए गए थे, जिन्हें श्रद्धालुओं ने बड़े भाव से भगवान को अर्पित किया।
यह 56 भोग, भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भक्तों की असीम श्रद्धा का प्रतीक माना गया और इसे अन्नकूट महोत्सव के दौरान विशेष रूप से सजाया गया था।
श्रीकृष्ण की बाल लीला की याद दिलाई गई
गोवर्धन पूजा का यह आयोजन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला को समर्पित था, जिसमें उन्होंने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर उठा लिया था। यह पर्व भक्तों को न केवल श्रीकृष्ण की बाल लीला का स्मरण कराता है बल्कि हमें यह संदेश भी देता है कि भगवान सदैव अपने भक्तों की रक्षा करते हैं। इस आयोजन के दौरान भक्तों में श्रीकृष्ण के प्रति अगाध श्रद्धा और भक्ति का भाव स्पष्ट रूप से देखा गया।
हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया
मंदिर के भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान कृष्ण को प्रसाद अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त किया। अन्नकूट महोत्सव के प्रसाद में विविध प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों का प्रबंध रहा, जो सभी भक्तों में वितरित किए गए।
भक्तों का कहना था कि इस्कॉन मंदिर में हर साल होने वाला यह आयोजन उन्हें आध्यात्मिक शांति और संतुष्टि प्रदान करता है और भगवान के प्रति उनकी आस्था को और भी प्रबल बनाता है। इस दौरान मथुरा से आए संत ने आएंगे श्रद्धालुओं को प्रवचन भी सुनाए। सेक्टर 20 स्थित हनुमान मंदिर में भी भक्तों ने एक साथ सामूहिक रूप से गिरिराज पर्वत तैयार कर पूजा अर्चना की।